फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में 43.34 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं समर्पित

मुख्यमंत्री ने फतेहपुर क्षेत्र में पांच करोड़ रुपये की लागत से गौ-अभ्यारण्य के निर्माण की घोषणा की
पूर्व प्रदेश सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य पर कर्ज का आंकड़ा लगभग 75000 करोड़ रुपये छूने के बावजूद इसे कम करने के लिए निरंतर प्रयास किए जायेंगे। राज्य सरकार, राजस्व के संसाधन बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय वर्तमान सरकार के कार्यकाल में लिए जा रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के फतेहपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने राज्य में जलविद्युत क्षमता को आर्थिक मजबूती के लिए वरदान बताते हुए कहा कि यह मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने ऋणमुक्त जल विद्युत परियोजनाओं से रॉयल्टी का हिस्सा 30 से 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की मांग की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दुग्ध उत्पादन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले के ढ़गवार में 250 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय दुग्ध संयंत्र स्थापित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को इलेक्ट्रिक टैक्सी खरीदने के लिए सब्सिडी देने का भी निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस चौकी रैहन को थाने में स्तरोन्नत करने और फतेहपुर क्षेत्र में स्विमिंग पूल सुविधायुक्त इंडोर स्टेडियम खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने फतेहपुर क्षेत्र में पांच करोड़ रुपये की लागत से 300 कनाल भूमि में अत्याधुनिक गौ-अभ्यारण्य खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष नवंबर माह के बाद फतेहपुर में बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा। उन्होंने फतेहपुर क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोर्डिंग खोलने की घोषणा भी की।
इससे पहले, मुख्यमंत्री के फतेहपुर पहुंचने पर फतेहपुर क्षेत्र के विधायक भवानी सिंह पठानिया, स्थानीय कांग्रेस नेताओं व जनता ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने फतेहपुर के हरा चौक में पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने पौंग बांध स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने 2.98 करोड़ रुपये की लागत से डडवाला-सकरी सड़क में सकरी खड्ड पर 51.85 मीटर लम्बे डबल लेन पुल का उद्घाटन किया। यह पुल रैहन, सकरी, छतर खास, छतर जोगियां, गोलवां, बतराहां, चमोली, पंजरोर तथा बारी गांव के लगभग 8500 लोगों को सुविधा प्रदान करेगा।
कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल तथा किशोरी लाल, विधायक मलेन्द्र राजन, केवल सिंह पठानिया, नीरज नैयर, कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष विशाल चम्बयाल, पूर्व विधायक अजय महाजन, उपायुक्त डॉ. निपुण जिन्दल तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

About The Author