शिमला की तर्ज पर बनेगा नगरोटा शहर में माल रोड

नगरोटा बगवां को प्रदेश को सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। नगरोटा शहर में शिमला की तर्ज पर मॉल रोड बनाने के साथ-साथ इसका सौंदर्यीकरण किया जाएगा। नगरोटा बगवां में होने वाले विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र को पूरे हिमाचल प्रदेश में एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जी.एस बाली की सोच के अनुसार काम करते हुए जल्द ही यहां बड़ी परियोजनाओं पर कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला की तरह नगरोटा शहर में 35 करोड़ रूपये की लागत से एक माल रोड बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए बजट का प्रावधान कर लिया गया है।
बाली ने कहा कि इस कार्य में रेलिंग, पाथ-वे, लाइटनिंग और भूमिगत नालियां बनाई जाएगी। उन्होंने कहा टैक्सी स्टैंड और थ्री व्हीलर स्टैंड बनाए जाएंगे जिससे शहर को ट्रैफिक से निजात मिलेगी। इस कार्य को करने के लिए उन्होंने व्यापार मंडल नगरोटा और नगर परिषद के अधिकारियों से सहयोग करने की अपील की।
करोड़ों की विकास परियोजनाओं से होगा कायाकल्प
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों की लागत से महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र का कायाकल्प होगा। बाली ने बताया कि नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में 1 करोड 14 लाख रूपये की लागत से चार प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे, जिनका कार्य जल्द शुरु कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त नगरोटा बगवां में भारत का सबसे बड़ा फाउंटेन बनाया जाएगा।