शिमला में भारतीय भाषाओं के अंतरसंबंध विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ

भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान में 08 अक्तूबर 2023 तक “भारतीय भाषाओं के अंतरसंबंध” विषय पर त्रिदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ किया गया। डॉ. सुभाष सरकार, शिक्षा राज्य मंत्री, भारत सरकार इस संगोष्ठी के मुख्य अतिथि रहे।

संगोष्ठी का शुभारंभ  दीप प्रज्वलन के साथ किया गया जिसके बाद संस्थान के निदेशक प्रो. नागेश्वर राव ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया । स्वागत भाषण के बाद संगोष्ठी के संयोजक प्रो. सत्यकाम, समकुलपति, इग्नू नई दिल्ली, ने “भारतीय भाषाओं के अंतरसंबंध ” का विषय प्रवर्तन किया। उन्होने कहा कि इस संगोष्ठी के आयोजन का उद्देश्य ‘भारतीय भाषाओं के परस्पर संबंध को प्रगाढ़ता प्रदान करना है। यह संगोष्ठी भारतीय भाषाओं का ‘सम्मिलन’ साबित हो, यही प्रयोजन है।यह भारतीय भाषाओं की नई पहचान, अस्मिता और इनकी आंतरिक संरचना,  बाह्य बनावट और विचारात्मक समन्वय का एक प्रयास है।

इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ सुभाष सरकार, माननीय केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री, भारत सरकार ने उदघाटन भाषण दिया और संस्थान की नई प्रकाशित की गयी पुस्तकों का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि भारत बहुभाषी राष्ट्र है और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भारतीय भाषाओं और विशेषकर मातृभाषाओं को शिक्षण-प्रशिक्षण का माध्यम बनाने पर बल दिया गया है और इस दिशा में विभिन्‍न भारतीय भाषाओं के अवलोकन बिंदु से भारतीय भाषाओं की आपसी एकता पर विचार विमर्श प्रस्तावित है। इस दिशा में कई कार्य चल रहे हैं, जैसे शब्दकोश निर्माण, पाठय सामग्री का निर्माण, नौकरियों की परीक्षाओं में भारतीय भाषाओं का समावेश आदि। इस संगोष्ठी में हुए विचार विमर्श से इन प्रयासों का मार्ग प्रशस्त होगा।

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री की राज्यपाल से भेंट

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष सरकार ने आज राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी।

About The Author