जीवंत लोकतंत्र में जीवंत प्रेस की आवश्यकता : अनुराग ठाकुर

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने वैश्विक स्तर पर भारत का दर्जा बढ़ने के साथ मीडिया से नए भारत के निर्माण में और रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की है। नई दिल्ली में राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत जैसे सशक्त लोकतंत्र के लिए सक्षम और जीवंत प्रेस की आवश्यकता है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने सरल और पारदर्शी प्रक्रियाओं से सूचना परिदृश्य को और सशक्त बनाया है। उन्होंने कहा कि सभी सूचनाएं और डेटा अब प्रेस सूचना ब्यूरो की वेब पर विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि पी आई बी की तथ्य जांच सेवा फर्जी और भ्रामक खबरों पर अंकुश लगा रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रेस परिषद को विभिन्न दृष्टिकोणों और किन्नर प्रतिनिधित्व के अलावा महिला पत्रकारों की सुरक्षा पर बल देना होगा।
सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहा कि मीडिया की प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था स्व-नियंत्रित है लेकिन स्व-नियंत्रण का अर्थ गलती करने और जानबूझ कर गलती करने का अधिकार देना नहीं है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस तरह की गलतियों से मीडिया की विश्वसनीयता खत्म हो जायेगी। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉक्टर एल मुरूगन ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति से पहले के दौर में प्रेस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में बेबुनियाद खबरें पूरी समाज के लिए बहुत बड़ा संकट बन रही है। उन्होंने लोगों तक खबरें पहुंचाने के कठोर परिश्रम के लिए मीडिया की सराहना करते हुए कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है।